दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉन कोलिजिएट वूमेन्स एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) ने सत्र 2017-18 के दाखिलों के लिए दूसरी कटऑफ जारी कर दी है। 26 कॉलेज सेंटरों की इस सूची में बीए प्रोग्राम में औसतन 1 फीसदी से 20 फीसदी तक की गिरावट देखने को मिली है। जबकि बीकॉम में 2 फीसदी से 20 फीसदी तक की गिरावट हुई है। जहां तक सामान्य श्रेणी के लिए बीए प्रोग्राम की कट ऑफ की बात है तो इसमें औसतन 1 से 5 फीसदी की कमी हुई है। एनसीवेब में दूसरी कट ऑफ के आधार पर दाखिले 7 जुलाई, 8 जुलाई व 10 जुलाई को होंगे।
कट ऑफ में सबसे कम एक फीसदी की कमी मिरांडा हाउस में हुई है। इसी तरह से सामान्य श्रेणी के लिए बीकॉम की कट ऑफ में 2 से 6 फीसदी तक की गिरावट हुई है। इस कट ऑफ की सबसे खास बात यह है कि 22 कॉलेज सेंटरों पर बीए व बीकॉम में एसटी श्रेणी का दाखिला 40 फीसदी पर ही हो जाएगा।
एनसीवेब के सभी 26 सेंटरों की कट ऑफ में मिरांडा हाउस बीए व बीकॉम प्रोग्राम में टॉप पर रहा है। यहां बीए प्रोग्राम के लिए सामान्य श्रेणी के लिए कट ऑफ 87 फीसदी गई है जो पहली कट ऑफ के मुकाबले में 1 फीसदी कम है। वहीं बीकॉम पास के लिए कट ऑफ 88 फीसदी गया है जो कि पहली कट ऑफ से 2 फीसदी कम है।
इसी तरह से बीए प्रोग्राम के लिए हंसराज की कट ऑफ 86 फीसदी रही है। पहली कट ऑफ के मुकाबले यहां दो फीसदी की गिरावट हुई है। वहीं बीकॉम प्रोग्राम के लिए यहां 87 फीसदी है जबकि पहली कट ऑफ में 90 फीसदी थी।
एससी व ओबीसी श्रेणी केतहत सभी सेंटरों पर बीए प्रोग्राम में 1 से 5 फीसदी तक की कमी हुई है। बीए में ओबीसी की सबसे कम कट ऑफ 65 फीसदी अदिति महाविद्यालय व भगिनी निवेदिता की रही है। जबकि सबसे अधिक मिरांडा हाउस की 84 फीसदी व हंसराज कॉलेज की 83 फीसदी रही है।
वहीं, एससी की बीए के लिए सबसे कम कट ऑफ 65 फीसदी अदिति व भगिनी निवेदिता कॉलेज की रही है। जबकि सबसे अधिक मिरांडा हाउस की 83 फीसदी व हंसराज की 82 फीसदी रही है।
एनसीवेब की कट ऑफ में एसटी श्रेणी के लिए जारी बीए व बीकॉम प्रोग्राम की कट ऑफ में राहत मिली है। एसटी श्रेणी का बीए व बीकॉम में 22 सेंटरों पर दाखिला महज 40 फीसदी पर हो जाएगा। इन सेंटरों पर कट ऑफ में दस फीसदी से 20 फीसदी की गिरावट की गई है।
इस श्रेणी केलिए बीए व बीकॉम में सबसे कम 10 फीसदी की गिरावट मिरांडा हाउस व हंसराज पर सेंटर पर हुई है। जबकि दोनों कोर्सेज में भगिनी निवेदिता व अदिति महाविद्यालय में यह गिरावट 18 फीसदी तक की है।