दिल्ली विश्वविद्यालय में अब तक दाखिला नहीं ले पाए विद्यार्थियों के लिए तीसरी कटऑफ उम्मीद की किरण हो सकती है। प्रिंसिपलों का भी मानना है कि काफी कॉलेजों में विद्यार्थियों को दाखिले का पूरा अवसर मिलेगा। दरअसल, अब भी कई कॉलेजों के कई कोर्सेज में काफी सीटें खाली हैं।
खासकर कॉमर्स व साइंस की। इसके अलावा, जिस तरह से दाखिले रद्द हो रहे हैं, उससे भी विद्यार्थियों के लिए कॉलेजों में जगह बन जाएगी। सात जुलाई को तीसरी कटऑफ आनी है।
कॉलेजों ने दूसरी कटऑफ में सर्तकता के साथ गिरावट की थी। इस कारण कैंपस कॉलेज से लेकर आउट ऑफ कैंपस के कई कॉलेज ऐेसे हैं जिसमें दूसरी लिस्ट में ही कोर्सेज के बंद होने की स्थिति है। हालांकि, अभी दूसरी कटऑफ के आधार पर दाखिले का एक दिन शेष है।
उस दिन के दाखिले के आधार पर ही कॉलेजों में बची हुई सीटों की वास्तविक स्थिति का पता चल सकेगा। उधर, डीयू में दूसरी कटऑफ के बाद दाखिले जिस तरह से रफ्तार पकड़ रहे हैं, उसी रफ्तार के साथ कई कॉलेजों में से दाखिले रद्द भी हो रहे हैं। कॉलेज प्रिंसिपल मान रहे हैं कि तीसरे दिन के दाखिलों के बाद भी तीसरी सूची में कोर्सेज में दाखिले की संभावना होगी।
रामजस कॉलेज के कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. पीसी तुलसियान ने बताया कि कॉलेज में दाखिला लेने वाले काफी विद्यार्थी पहुंच रहे हैं। हमारी कोशिश है कि दाखिले निष्पक्ष तरीके से होेें।
उन्होंने बताया कि पहली व दूसरी कटऑफ के आधार पर अब तक 800 दाखिले हो चुके हैं। जबकि अलग-अलग कोर्सेज के हिसाब से 15-20 दाखिले रद्द हुए हैं। डॉ. पीसी के मुताबिक, मंगलवार के बाद सामान्य व ओबीसी श्रेणी के लिए केमिस्ट्री ऑनर्स के दाखिले बंद हो सकते हैं।
अरबिंदो कॉलेज : दूसरे दिन 157 दाखिले
श्री अरबिंदो कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. विपिन अग्रवाल ने बताया कि अब तक कुल 978 सीटों के लिए 683 दाखिले हो चुके हैं। दूसरी कटऑफ में दूसरे दिन 157 दाखिले हुए हैं, जबकि विभिन्न कोर्सेज से 44 दाखिले रद्द कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि दूसरी कटऑफ के आखिरी दिन के बाद बीएससी फिजिकल साइंस ऑनर्स कोर्स में दाखिले बंद हो जाएंगे।
कटऑफ में गिरावट सर्तकता के साथ की गई थी, इसलिए जिस तरह से दाखिले लिए गए हैं दाखिले रद्द कराने पर संतुलन बन जाएगा। ऐसे में कई कोर्सेज में दाखिले की गुजाइंश तीसरी कटऑफ में भी बनी रहेगी।
गौरतलब है कि आत्मराम सनातन धर्म कॉलेज में 1179 सीटों पर 431 दाखिले हो गए हैं, जबकि 40 दाखिले रद्द हुए हैं। वहीं, रामानुजन कॉलेज में 978 सीटों पर 400 दाखिले हो चुके हैं। अब कितनी सीटें बचेंगी और कटऑफ में कितनी गिरावट की जाएगी, इसका पता मंगलवार के बाद ही चल पाएगा।