दिल्ली विश्वविद्यालय के दीन दयाल उपाध्याय कॉलेज को द्वारका में स्टेट ऑफ आर्ट थीम पर आधारित नया कैंपस मिल गया है। नए सत्र की शुरुआत के साथ ही आठ एकड़ में तैयार नई इमारत का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने किया।
बीते 25 सालों से कॉलेज कर्मपुरा स्थित एक स्कूल बिल्डिंग से चल रहा था। दीन दयाल उपाध्याय कॉलेज के नए भवन के परिसर का शिलान्यास वर्ष 2013 में किया गया था। कॉलेज के नए कैंपस का उद्घाटन करते हुए उपमुख्यमंत्री ने शिक्षा गुणवत्ता की जरूरत पर बल दिया।
उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वह छात्रों को मानवीय मूल्यों की सीख दें। उन्होंने आश्वासन दिया कि छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी संसाधनों के लिए शिक्षा विभाग पूरी तरह से सहयोग करेगा। इस अवसर पर डीयू कुलपति प्रो. योगेश त्यागी भी मौजूद रहे।
कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. एस.के गर्ग के मुताबिक, नई इमारत में चार ब्लॉक हैं, जिसमें से दो का इस्तेमाल अकादमिक कार्यों के लिए होगा। जबकि एक फैकल्टी सदस्यों के लिए व एक सभागार व कंप्यूटर लैब के लिए होगा।