औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में दाखिले को लेकर असमंजस बना हुआ है। पिछले वर्ष 1 जून से दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई थी, लेकिन इस बार अभी तक कोई शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। आवेदन के लिए छात्र धक्के खा रहे हैं।
जिले में ऊंचा गांव, ओल्ड फरीदाबाद, एनआईटी, नीमका और पाली स्थित आईटीआई के 20 से ज्यादा ट्रेडों के लिए दाखिले लिए जाने हैं। बता दें औद्योगिक नगरी होने के नाते फरीदाबाद में आईटीआई प्रशिक्षित छात्रों की मांग रहती है। पिछले साल आईटीआई के विभिन्न ट्रेडों में दाखिले के लिए 1 जून से प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन इस बार जिले में निर्धारित समय से 10 दिन बाद भी दाखिला प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई, जबकि रोजाना सुबह 9 बजे से ही आवेदकों का आना शुरू हो जाता है। आवेदन प्रक्रिया शुरू न होने से छात्रों को मायूस लौटना पड़ रहा है।
आईटीआई प्रशासन को दाखिला संबंधित जानकारी न होने से छात्रों में रोष है। गाजीपुर से आए छात्र देवेंद्र ने बताया कि दाखिला प्रक्रिया को लेकर आईटीआई प्रशासन के पास कोई जानकारी नहीं है। एनआईटी के अनुभव ने बताया कि एनआईटी आईटीआई में न कोई नोटिस बोर्ड पर सूचना दी गई है और न ही कोई हेल्प डेस्क बनाया गया है।
दो दिन पहले यहां फॉर्म के बारे में पता करने आए थे, तब बताया गया था कि फॉर्म 10 जून से मिलेगा, लेकिन आज भी वापस लौटाया जा रहा है। आईटीआई के प्रधानाचार्य एके रंधावा ने बताया कि इस बार भी ऑनलाइन दाखिले होंगे। इसको लेकर अभी कोई दिशा निर्देश नहीं मिले हैं।