जामिया मिल्लिया इस्लामिया में एक दिसंबर को सिविल सर्विस कोचिंग के चयनित छात्रों के लिए ओरिएंटेशन क्लास आयोजित होने जा रही है। इस दौरान चयनित दो सौ छात्रों को कक्षा, विषय आदि से संबंधित जानकारी दी जाएगी।
जामिया प्रबंधन के मुताबिक, जामिया की रेजीडेंशियल कोचिंग अकेडमी सिविल सर्विस के लिए मुफ्त में कोचिंग करवाती है। इसी के तहत सिविल सर्विस के लिए प्रवेश परीक्षा में पास होने वाले छात्रों की एक दिसंबर से कक्षाएं शुरू हो रही हैं। ओरिएंटेशन क्लास के साथ कक्षाएं भी शुरू हो जाएंगी।
फिलहाल 73 चयनित छात्रों को हॉस्टल सीट अलॉट हो चुकी है। नौ दिसंबर को संघ लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा है। इसके बाद छात्रों को दो दिन हॉस्टल सीट खाली होने के लिए मिलेंगे। जबकि जिन छात्रों को पहले ही हॉस्टल सीट मिल चुकी है, उन्हें 14 से 18 दिसंबर के बीच हॉस्टल सीट लेनी अनिवार्य है।
यदि इस अवधि के बीच कोई छात्र हॉस्टल सीट कंफर्म नहीं करता है तो फिर उसकी सीट वेटिंग लिस्ट के अगले छात्र को अलॉट कर दी जाएगी। वेटिंग लिस्ट वाले छात्रों को 21 दिसंबर को रेजीडेंशियल कोचिंग अकेडमी में आकर रिपोर्ट करनी होगी।