चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) की दूसरी कटऑफ के आधार पर सोमवार से दाखिले शुरू हो गए। सेक्टर-39 स्थित राजकीय महाविद्यालय में पहले दिन केवल 21 छात्र-छात्राओं ने ही दाखिला लिया।
दाखिले का ग्राफ बढ़ाने के लिए महाविद्यालय मंगलवार को दो घंटे का अतिरिक्त समय देगा। जिले के तीनों कॉलेजों में पहली और दूसरी कटऑफ के आधार पर अभी तक 449 दाखिले हुए हैं, जिनमें 267 केवल बीए के हैं।
नोएडा स्थित राजकीय महाविद्यालय में 128, बादलपुर स्थित महिला कॉलेज में 151 और मिहिर भोज डिग्री कॉलेज में 170 दाखिल हुए हैं। सीसीएसयू की ओर से दूसरी कटऑफ रविवार को जारी कर दी गई थी।
पहले शनिवार को कटऑफ जारी करके दाखिले के लिए 12 जुलाई तक का समय देना था। मगर रविवार को कटऑफ जारी होने के कारण अभ्यर्थियों को 11 और 12 जुलाई यानी दो दिन का ही समय मिल पाया है।
मंगलवार को दाखिले का अंतिम दिन है। छात्रों की सहूलियत के लिए नोएडा के राजकीय महाविद्यालय की ओर से दोपहर तीन बजे के बजाय पांच बजे तक का समय दिया गया है। हालांकि दाखिले के लिए एक दिन का और समय दिए जाने की संभावना है।
कॉलेज की प्राचार्र्य डॉ. मंजू शर्मा ने बताया कि छात्र-छात्राओं को दाखिले का मौका देने के कॉलेज प्रोफेसरों के साथ बैठक कर यह निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि दूसरी कटऑफ के आधार पर सोमवार को 21 दाखिले हुए हैं।
इनमें बीए में सात, बीकॉम में आठ, बीएससी बायो में तीन और बीएससी मैथ में तीन दाखिले हुए हैं। वहीं, मिहिर भोज डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. भारत सिंह ने बताया कि कॉलेज में 36 अभ्यर्थियों ने दाखिले लिए हैं। इनमें बीए में 15, बीएससी बायो में 12 और बीएसी मैथ में नौ दाखिले हुए हैं। वहीं, बादलपुर स्थित महिला कॉलेज में बीए में 23 दाखिले हुए हैं।