चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से स्नातकोत्तर और प्रोफेशनल कोर्स में रजिस्ट्रेशन की तिथि बढ़ाकर 21 अगस्त कर दी गई है। सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेजों की सीटें भरकर दाखिला प्रक्रिया पूरी हो गई है।
अब सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में प्रोफेशनल कोर्स के लिए रजिस्ट्रेशन चल रहे हैं। इसके अलावा स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में दाखिला लेने के लिए भी रजिस्ट्रेशन हो रहे हैं।
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को मौका देते हुए रजिस्ट्रेशन की तारीख 18 से बढ़ाकर अब 21 अगस्त कर दी है। इसकी कटऑफ लिस्ट 22 अगस्त को जारी की जा सकती है।
शाम की कक्षाओं पर फैसला 27 को
मेरठ विश्वविद्यालय की ओर से 27 अगस्त को होने वाली बैठक में कॉलेजों में शाम को कक्षाएं चलाने पर विचार किया जाएगा। विवि प्रशासन के मुताबिक, कुछ कॉलेजों ने सीटें अधिक और स्टाफ कम होने की शिकायत की थी। ऐसे कॉलेजों में शाम को कक्षाएं चलाने की बात कही गई थी। इसी सिलसिले में कॉलेजों के सुझाव मांगे गए थे। अब 27 अगस्त को मीटिंग में तय किया जाएगा कि शाम की कक्षाएं कहां-कहां पर चलाई जाएं।
महाविद्यालय में वृक्षाबंधन
सेक्टर-39 स्थित राजकीय महाविद्यालय में रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर छात्र-छात्राओं ने वृक्षाबंधन मनाया। महाविद्यालय के प्रोफेसर आरके गुप्ता ने बताया कि बुधवार को सभी छात्र-छात्राओं को वृक्ष बचाने के लिए प्रेरित किया गया। उनसे कागज पर वृक्षों को बचाने के लिए संदेश लिखवाए गए। उन्हीं संदेश को छात्रों द्वारा कलावे से पेड़ों पर बंधवाया गया, जिससे पेड़-पौधों के प्रति युवाओं का लगाव हो सके। उन्होंने बताया कि शुक्रवार से कॉलेज में कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। छात्र-छात्राओं के ड्रेस को लेकर सख्ती बरती जाएगी।