सीसीएसयू ने दाखिले के ऑनलाइन पंजीकरण सिस्टम में जांच प्रक्रिया लगाई है। इससे संबद्ध कॉलेजों में वर्ष 2017-18 में दाखिले के पंजीकरण में विद्यार्थी या साइबर कैफे गड़बड़ी नहीं कर पाएंगे। सीसीएसयू के मुताबिक, बीते साल तमाम साइबर कैफे संचालकों की गड़बड़ी की वजह से छात्रों को दिक्कत हुई थी।
उन्होंने छात्रों के मोबाइल नंबर की जगह अपने नंबर भर दिए थे। ऐसे में विश्वविद्यालय की ओर से भेजे जाने वाले मैसेज छात्रों को न मिलकर साइबर कैफे संचालकों को मिलते थे। इस साल से साइबर कैफे एक मोबाइल नंबर पर कई छात्रों का पंजीकरण नहीं करा पाएंगे। अब एक ई-मेल आईडी और एक मोबाइल नंबर पर सिर्फ एक ही छात्र का पंजीकरण होगा।
पंजीकरण के दौरान छात्रों की मार्कशीट के रिकॉर्ड की जांच भी होगी। इसलिए सीसीएसयू छात्रों से 10वीं की मार्कशीट और रोल नंबर ले रहा है। इससे छात्र का यूनिक आईडी बनाया जाएगा। वहीं, फॉर्म में किसी प्रकार की गलती होने पर छात्र कॉल सेंटर में आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।