सीबीएसई से दसवीं-बारहवीं की परीक्षा देने वाले प्राइवेट छात्रों के लिए बीते अक्तूबर में शुरू हुई ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 27 नवंबर सोमवार को समाप्त हो गई। अब छात्र लेट फीस के साथ आवेदन कर सकेंगे।
लेट फीस के लिए छात्रों को 500 से 5000 हजार रुपये तक चुकाने होंगे। अंतिम तिथि तक फीस जमा नहीं कराने पर छात्र का फार्म बिना नोटिस के अस्वीकार कर दिया जाएगा। सीबीएसई ने वर्ष 2018 में बोर्ड परीक्षा में बैैठने वाले प्राइवेट छात्रों के लिए 27 अक्तूबर से ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया को शुरू की थी।
फार्म भरने के लिए छात्रों को एक माह का समय दिया गया। सोमवार (27 नवंबर) को यह प्रक्रिया समाप्त हो गई। अब छात्रों को 28 नवंबर से लेट फीस का भी भुगतान करना होगा। यदि किसी छात्र को पांचों विषयों की परीक्षा देनी है तो से 900 रुपये की फीस के साथ लेट फीस के 500 रुपये भी चुकाने होंगे।
इसके लिए इन्हें 28 नवंबर से 4 दिसंबर तक का समय दिया गया है। जबकि 5 दिसंबर से 11 दिसंबर तक आवेदन करने पर दुगुनी (1000 रुपये) लेट फीस की राशि देनी होगी। वहीं 12 दिसंबर से 18 दिसंबर तक आवेदन करने पर 2000 रुपये व 19 दिसंबर से 26 दिसंबर तक आवेदन करने पर 5000 रुपये लेट फीस का भुगतान करना होगा।