केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) नियमों की अनदेखी करने वालों स्कूलों पर नजरें टेढ़ी कर ली है। बोर्ड ने नियमों की अनदेखी करने वाले दिल्ली के पांच और हरियाणा के 19 स्कूलों को नोटिस जारी किया है।
नोटिस में नियमों की अनदेखी का हवाला देते हुए उनकी मान्यता क्यो ना रद कर दी जाए, इसपर स्कूलों से जवाब तलब किया है। सीबीएसई अप्रैल में अब तक देशभर में 40 स्कूलों को नोटिस दे चुका है।
सीबीएसई के मुताबिक जिन स्कूलों को नोटिस जारी किया गया है उन्होंने सुरक्षा के मानक, बच्चों के पंजीकरण में गड़बड़ी समेत स्कूलों से संबंधित डाटा को समय पर वेबसाइट पर अपलोड नहीं करने का आरोप है।
सीबीएसई ने स्कूलों को नोटिस मिलने के बाद 15 दिनों के भीतर जवाब देने के लिए कहा है। हरियाणा के अलग-अलग जिलों में स्थित स्कूलों को नोटिस जारी किया गया है। इसमें रोहतक, सोनीपत, भिवाड़ी में मौजूद स्कूल है।
दिल्ली में जिन पांच स्कूलों को नोटिस जारी किया है उसमें स्प्रिंग फील्ड कांवेंट स्कूल, रिंग मिडवेज सीनियर सेकेंड्री पब्लिक स्कूल, ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल, मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल और न्यू सैनिक पब्लिक स्कूल है। इसके अलावा गाजियाबाद में भी एक नामी स्कूल को नोटिस जारी किया गया है।
अप्रैल में 40 से अधिक स्कूलों को नोटिस जारी करने के बाद बीते सप्ताह यूपी के तीन निजी स्कूलों का ग्रेड घटा दिया है। इन स्कूलों को 11वीं और 12वीं की मान्यता वापस ले ली गई है। नए सत्र में इस क्लास में किसी भी तरह का दाखिला लेने से मना कर दिया गया है।