केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने हाल ही में छठी से नौवीं तक के असेसमेंट व एग्जामिनेशन सिस्टम में बदलाव किया है। अब साल में दो बार परीक्षा होगी और सभी स्कूल एक जैसा रिपोर्ट कार्ड जारी करेंगे। इस बारे में अभिभावकों व छात्रों को बताने के लिए स्कूल सक्रिय हो गए हैं। अभिभावकों के समक्ष प्रेजेंटेशन के माध्यम से सूचना दी जा रही है।
गौरतलब है कि सीबीएसई का छठी से नौंवी क्लास तक का असेसमेंट व एग्जामिनेशन सिस्टम 2017-18 सत्र से ही लागू किया जा रहा है। ऐसे में एक अप्रैल से शुरू होने वाले शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले स्कूल अपने-अपने तरीके से इसकी जानकारी दे रहे हैं।
डीएवी स्कूल के प्रिंसिपल रमाकांत तिवारी ने बताया कि इस पैटर्न को बताने के लिए प्रेजेंटेशन देने की तैयारी की गई है। प्रेजेंटेशन में अभिभावकों व छात्रों को भी बुलाया जाएगा और बताया जाएगा कि अब एक यूनिफॉर्म रिपोर्ट कार्ड जारी होगा। जिस पर बायीं तरफ सीबीएसई का व दायीं तरफ स्कूल का लोगो होगा।
ग्रुप में बुलाने की तैयारी
कई अन्य स्कूलों में कक्षा सेक्शन के आधार पर अभिभावकों को 40-50 के ग्रुप में बुलाने की तैयारी हो रही है। एक प्रिंसिपल ने बताया कि जब बोर्ड ने सीसीई (सतत एवं समग्र मूल्यांकन व्यवस्था) लागू की थी, तब भी अभिभावकों व बच्चों को जागरूक किया गया था।
नए सिस्टम (जिसमें छठी से आठवीं तक तीन भाषा व दो अन्य विषय व नौवीं में दो भाषा व तीन विषय पढ़ाए जाने) के संबंध में जानकारी दी जाएगी। कुछ स्कूलों ने अभिभावकों व बच्चों को इसकी जानकारी देना शुरू भी कर दिया है।