सीबीएसई की अंग्रेजी की परीक्षा देने वाले बारहवीं के छात्रों ने परीक्षा देने के बाद खुशी जाहिर की। जिले में 36 परीक्षा केंद्रों पर 17 हजार बारहवीं के छात्रों ने परीक्षा दी।
पहला पेपर आसान आने से छात्रों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। परीक्षार्थियों का कहना था कि सभी प्रश्न पाठ्यक्रम से ही थे। ऐसे में उनका जवाब लिखने में कोई परेशानी नहीं हुई।
परीक्षा केंद्रों पर सभी परीक्षार्थी अपनी स्कूल यूनिफार्म में ही परीक्षा देने के लिए पहुंचे। प्रकाश पब्लिक स्कूल से सीबीएसई की अंग्रेजी की परीक्षा देने आई गीतांजलि का कहना था कि अगर सभी विषयों के प्रश्नपत्र इसी तरह से आए तो परीक्षार्थियों के चेहरे हर परीक्षा के बाद खिल उठेंगे।
छात्रा वजीहा का कहना है कि उसकी पहली परीक्षा के साथ उसने अच्छी शुरुआत की है उम्मीद है कि सभी परीक्षाएं ऐसी ही होने वाली हैं। रावल इंटरनेशनल स्कूल से बारहवीं कर रहे राहुल शर्मा को बारहवीं बोर्ड की ये पहली परीक्षा किसी यूनिट टेस्ट जितनी सरल लगी।