दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रौढ़ शिक्षा विभाग ने छात्रों में कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए रेडियो ब्रॉडकास्टिंग सर्टिफिकेट कोर्स शुुरू किया है। इस कोर्स को चलाने में डीयू की कम्यूनिटी रेडियो यूनिट विभाग का सहयोग करेगी।
खास बात यह है कि ऑल इंडिया रेडियो के विशेषज्ञ छात्रों की क्लास लेंगे। कोर्स पूरा हो जाने के बाद प्रौढ़ शिक्षा विभाग की ओर से सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। इस कोर्स की कक्षाएं परीक्षाएं संपन्न हो जाने के बाद शुुरू होंगी।
डीयू कम्यूनिटी रेडियो में कंसल्टेंट टेक्निकल एंड प्रोग्राम व दूरदर्शन के पूर्व चीफ इंजीनियर आर के सिंह ने बताया कि अब दूसरे कॉलेज भी इस कोर्स को शुरू करने में रुचि दिखा रहे हैं। रेडियो ब्रॉडकास्टिंग विधा में न केवल उनका कौशल विकास होगा बल्कि छात्रों के अंदर आत्मविश्वास भी आएगा कि वे प्रोग्राम चला सकते हैं।
चालीस घंटों के इस कोर्स के लिए 150 आवेदन प्राप्त हो गए हैं। अब इन्हें तीन-तीन बैच में बांट कर कक्षाएं शुरू होंगी। इस कोर्स के अंतर्गत उन्हें टेक्निकल के साथ-साथ, रेडियो पर साक्षात्कार की कला, रेडियो पर रिपोर्टिंग, रिकॉर्डिंग, संपादन, रेडियो फीचर, की जानकारी प्रदान की जाएगी। छात्रों से रेडियो फीचर व डॉक्यूमेंट्री भी तैयार करवाई जाएंगी।