बीएड कॉलेजों में दाखिले के लिए चल रही बीएड ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) की काउंसलिंग के पहले सीट अलॉटमेंट में जिले के 33 कॉलेजों को मात्र 279 छात्र मिले हैं। सरकारी कॉलेज के अलावा बाकी सभी निजी संस्थानों में सीटों के मुताबिक काफी कम एडमिशन होने से कॉलेजों का हाल बुरा है।
बीएड के प्रति लगातार बढ़ती छात्रों की बेरूखी से कॉलेज संचालक परेशान हैं। दरअसल, बीएड काउंसलिंग के जरिए प्रदेश की एक लाख 60 हजार से अधिक सीटों पर दाखिले होने हैं, जिसके लिए 2 लाख 63 हजार 199 छात्र कतार में है।
अलग-अलग केंद्रों पर 6 से 10 जून तक चली काउंसलिंग में एक से लेकर एक लाख 10 हजार रैंक तक के अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। अभ्यर्थियों द्वारा च्वाइस लॉकिंग के बाद छात्रों को सीटें आवंटित की जा चुकी है।
काउंसलिंग के सीट अलॉटमेंट के पहले चरण में नोएडा-ग्रेटर नोएडा के 33 कॉलेजों की 4300 सीटों पर 279 छात्रों को सीटें अवांटित की गई है, जिसमें जिले के एक मात्र सरकारी कॉलेज कुमारी मायावती राजकीय महिला महाविद्यालय की 50 सीटों में से 46 पर दाखिले हो चुके हैं। जबकि 32 निजी कॉलेजों को केवल 233 छात्र मिले हैं। इनमें से छह कॉलेज ऐसे हैं जिनका खाता भी नही खुला है। वहीं 19 कॉलेजों ने दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार किया है।
अलॉटमेंट के दूसरे चरण की लिस्ट अब 19 जून, रविवार को यूपी-बीएड की वेबसाइट पर जारी होगी। इसमें 11 से 17 जून तक की काउंसलिंग में शामिल हुए अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित की जाएंगी। जिसके बाद छात्र ऑनलाइन फीस जमा कर दाखिला पा सकेंगे।