बीसीए पाठ्यक्रम के दूसरे सेमेस्टर में शहर के पंडित जवाहरलाल नेहरू कॉलेज के 127 छात्र फेल हो गए हैं।
महज पांच छात्र ही पास हो पाए हैं। खराब रिजल्ट आने पर अब महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के मार्किंग सिस्टम पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
इसी मुद्दे को लेकर बुधवार को कॉलेज के छात्रों ने एनएसयूआई के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। इस दौरान कॉलेज की प्राचार्या बिमला बिश्नोई को वाइस चांसलर के नाम ज्ञापन सौंप छात्रों ने दोबारा से उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की मांग उठाई।
एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष कृष्ण अत्री ने कहा कि 132 में से 127 छात्र-छात्राओं को फेल किया गया है। कई विद्यार्थियों के विषयों में शून्य अंक हैं।
विश्वविद्यालय इस तरह छात्र छात्राओं को फेल कर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले भी ऐसी गलती हुई है। पुन: जांच होने से छात्रों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होगा।
एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने कॉलेज प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई कर छात्रों के भविष्य पर ध्यान देने का आग्रह किया। कॉलेज परिसर में इस दौरान छात्रों ने जमकर नारेबाजी की।