यदि आपका बैंक खाता नहीं है और आप कॉलेज में आवेदन करने के लिए जा रहे हैं तो आपको बिना आवेदन किए ही घर वापस लौटना पड़ सकता है। इस बार एमडीयू से संबंधित सभी कॉलेजों में बैंक खाता संख्या को अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही खाता आधार नंबर से लिंक होना भी अनिवार्य है।
ऐसे में जिन विद्यार्थियों ने अब तक बैंक में अपना खाता नहीं खुलवाया है तो वह आवेदन से पहले खाता खुलवा लें। डीएवी कॉलेज के नोडल ऑफिसर सरोज ने बताया कि पिछले साल भी बैंक खाता संख्या के साथ आवेदन प्रक्रिया अपनाई गई थी, लेकिन उस समय जिनके पास खाता नंबर नहीं था। उनका भी आवेदन स्वीकार कर लिया गया था।
इस बार बैंक खाता संख्या को अनिवार्य किया गया है। इसके बिना आवेदन नहीं भरा जा सकता। उन्होंने बताया कि ऐसे बहुत से विद्यार्थी कॉलेज में आवदेन के लिए पहुंच रहे हैं, जिनका किसी भी बैंक में खाता नहीं है। ऐसे छात्रों को लौटाया जा रहा है।
आधार कार्ड अपलोड में भी दिक्कत
दूसरे दिन आवेदन के वक्त 15 डिजिट से अधिक खाता संख्या वाले एकाउंट धारक विद्यार्थियों को खासा परेशानी उठानी पड़ी। आधार कार्ड नंबर वेबसाइट पर अपलोड नहीं हो रहे थे। कॉलेजों में इस बारे में विश्वविद्यालय प्रशासन को मेल कर अवगत करवाया।
केएल मेहता में प्रक्रिया धीमी
जिले के हर साल आवेदन प्रक्रिया शुरू करने में अव्वल रहने वाला केएल मेहता कॉलेज ऑनलाइन प्रक्रिया को सही से शुरू नहीं कर पाया है। आवेदन करने आए विद्यार्थियों को खासी परेशानी हुई। बार-बार कंप्यूटर हैंग कर रहा था। लेकिन अब सभी परेशानी हल कर दी गई है। विद्यार्थियों की सहूलियत के लिए स्कैनर और फोटो कॉपी मशीन की व्यवस्था दी गई है। इसके अलावा विशेष टीम की ड्यूटी लगाई गई है।