इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) ने जुलाई सत्र के तहत एमफिल और पीएचडी प्रोग्राम में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक छात्र 25 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन भेज सकते हैं। संयुक्त प्रवेश परीक्षा 7 अप्रैल को होगी। जिसके परिणाम मई में जारी होंगे। संयुक्त प्रवेश परीक्षा, इंटरव्यू व वाइवा से तैयार मेरिट लिस्ट में नाम आने पर दाखिला मिलेगी।
इग्नू प्रबंधन के मुताबिक एमफिल और पीएचडी दाखिला प्रवेश परीक्षा का ऑनलाइन आवेदन भरने के लिए छात्र को सबसे पहले इंफॉर्मेशन ब्राशर जुलाई 2019 विकल्प पर क्लिक करना होगा। दाखिला आवेदन पत्र के साथ छात्रों को एक हजार रुपये की फीस भी जमा करनी पड़ेगी। केंद्र सरकार के दाखिला आरक्षण के तहत छात्रों को लाभ मिलेगा।
दाखिले में दस फीसदी अतिरिक्त सीट सामान्य वर्ग के कमजोर परिवारों के छात्रों के लिए आरक्षित रहेंगी। प्रवेश परीक्षा के लिए चंडीगढ़ का सिटी कोड 04, लखनऊ का 10, दिल्ली का 06 रहेगा। आवेदन पत्र भरने के लिए छात्र को अपना ऑनलाइन अकाउंट बनाना पड़ेगा। इसमेें यूजरनेम व पासवर्ड बनाने के लिए 8 से 16 कैरेक्टर होने जरूरी हैं।
महिला व 40 फीसदी से अधिक दिव्यांग को एक अतिरिक्त साल
पीएचडी प्रोग्राम में फुल टाइम व पार्ट टाइम का विकल्प रहेगा। जबकि एमफिल प्रोग्राम में फुल टाइम का ही विकल्प मिलेगा। एमफिल डिग्री प्रोग्राम को पूरा करने का मौका दो साल रहेगा। लेकिन महिला व 40 फीसदी से अधिक दिव्यांग वर्ग को एक अतिरिक्त साल मिलेगा। इसके अलावा पीएचडी प्रोग्राम पूरा करने की अवधि तीन से छह साल रहेगी। महिला व 40 फीसदी दिव्यांगजनों को प्रोग्राम पूरा करने के लिए दो साल अतिरिक्त समय मिलेगा। एमफिल व पीएचडी प्रोग्राम में छात्रों को कक्षा लगानी अनिवार्य है। इस दौरान कोर्स वर्क भी करना होगा। परीक्षा में बैठने के लिए 80 फीसदी हाजिरी अनिवार्य रहेगी।
70 इंटरव्यू व 30 फीसदी वाइवा का वेटेज
इग्नू प्रबंधन के मुताबिक, एमफिल व पीएचडी प्रोग्राम में दाखिला नियम शर्ते इग्नू आर्डिनेंस की रहेंगी। इसके अलावा इग्नू रेगुलेशन व दिशानिर्देश के तहत मेरिट सीट बनेंगी। इसमें 70 फीसदी इंटरव्यू और 30 फीसदी वाइवा का वेटेज दिया जाएगा। प्रवेश परीक्षा में सामान्य वर्ग के छात्रों को 50 फीसदी और आरक्षित व दिव्यांगजनों को 45 फीसदी अंक आने जरूरी है। इसी के आधार पर आगे पहली मेरिट बनेगी।