जामिया मिल्लिया इस्लामिया में इंजीनियरिंग प्रोग्राम में दाखिला लेने के इच्छुक छात्र ध्यान दें। यदि आप जामिया से इंजीनियरिंग की डिग्री लेना चाहते हैं तो जेईई मेन स्कोर के साथ-साथ जामिया का दाखिला आवेदन पत्र भी भरना अनिवार्य है। जामिया में इंजीनियरिंग और आर्किटेक्चर प्रोग्राम में दाखिले के लिए आवेदन विंडो खुल गई है। छात्रों को ऑनलाइन दाखिला आवेदन पत्र भरने का मौका 30 मार्च तक उपलब्ध है।
जामिया प्रबंधन के मुताबिक, बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग में दाखिले के लिए जेईई मेन का पेपर एक और बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर प्रोग्राम में दाखिले के लिए पेपर एक के साथ दो की रैंकिंग के आधार पर मेरिट बनेगी। ऑनलाइन आवेदन विंडो बंद होने के बाद 31 मार्च से 3 अप्रैल तक वे अपने ऑनलाइन आवेदन की त्रुटियों में सुधार कर सकेंगे।
दाखिला आवेदन पत्र के साथ छात्रों को साढ़े पांच सौ रुपये दाखिला फीस भी देनी होगी। दाखिला सीट आवंटन में जामिया मिल्लिया इस्लामिया की आरक्षण व दाखिला नियम लागू होंगे। छात्रों को ऑनलाइन दाखिला आवेदन पत्र में जेईई मेन परीक्षा का 12 अंकों का रजिस्ट्रेशन नंबर लिखना अनिवार्य है।
जामिया प्रबंधन के मुताबिक, बीटेक में सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रोनिक्स एंड कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग व मेकेनिकल इंजीनियरिंग कोर्स में पढ़ाई का विकल्प रहेगा।
जबकि बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर प्रोग्राम में बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर और बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर (सेल्फ फाइनेंस) का विकल्प होगा। छात्र अधिक जानकारी के लिए
admission@jmicoe.in पर ईमेल और सोमवार से शुक्रवार तक सुबह दस से शाम पांच बजे तक
91-9836219994,+91-9836289994,+91-9836319994, 011-26981717-Extn:1408 इन नंबरों पर फोन करके भी मदद मांग सकते हैं।