केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश के लिए होने वाली जेईई मेन परीक्षा की आवेदन प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू हो रही है। आवेदन जेईई मेंस की वेबसाइट www.jeemain.nic.in से किया जा सकेगा।
आवेदन करने की अंतिम तिथि दो जनवरी है, शुल्क का भुगतान तीन जनवरी तक किया जा सकता है। इस परीक्षा को मध्य प्रदेश समेत छह राज्यों ने अपनाया है। इन राज्यों में अब राज्य स्तरीय परीक्षा के आधार पर इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश मिल सकेगा।
जेईई मेन-2017 की परीक्षा में मध्य प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, उत्तराखंड, नागालैंड व ओडिशा राज्य ने जेईई मेन प्रणाली को अपनाया है। ऐसे में बोर्ड ने इन राज्यों के इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश लेने वाले छात्रों को भी जेईई मेन के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह दी है।
इसके लिए एक दिसंबर से सूचना बुलेटिन उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें परीक्षा पाठ्यक्रम, पात्रता मापदंड, परीक्षा शुल्क, परीक्षा के शहर, पात्रता राज्य कोड, आयु सीमा में छूट, प्रवेश के लिए पात्रता व आरक्षण नीति के संबंध में जानकारी उपलब्ध होगी।
आधार कार्ड अनिवार्य
जेईई मेन के तहत बीई व बीटेक के लिए ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन आठ व नौ अप्रैल 2017 को होगा, जबकि बीऑर्क व बी प्लॉानिंग के लिए परीक्षा दो अप्रैल को होगी। सीबीएसई पहले ही साफ कर चुका है कि इस बार आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन में ही आधार नंबर देना होगा। आवेदन में आधार कार्ड की अनिवार्यता के चलते बोर्ड आवेदकों का आधार कार्ड भी बनवाएगा। इसके लिए देशभर में 104 सुविधा केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड ने इन केंद्रों की सूची वेबसाइट पर जारी कर दी है।