दिल्ली विश्वविद्यालय के लक्ष्मीबाई कॉलेज ने कक्षाओं से छात्राओं की बंक मारने की आदत दूर करने के लिए योजना बनाई है। कॉलेज अब अपने मोबाइल ऐप पर ही छात्राओं की उपस्थिति अपलोड करने पर विचार कर रहा है।
ऐप पर न केवल उपस्थिति अपलोड की जाएगी, बल्कि जिनकी उपस्थिति कम होगी, उनकी डिफॉल्टर सूची बनाकर ऐप पर डाल दी जाएगी। वर्तमान में कॉलेज प्रतिमाह अपनी वेबसाइट पर छात्राओं की उपस्थिति अपलोड करता है, लेकिन इस प्रयास में कॉलेज को ज्यादा सफलता हाथ नहीं लगी।
अभी भी नवंबर-दिसंबर की परीक्षा के लिए जब उपस्थिति निकाली गई, तो कई छात्राओं की उपस्थिति महज 10-20 फीसदी ही पाई गई है। कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. प्रत्युष वत्सला ने बताया कि सेमेस्टर परीक्षा के समय छात्राओं की कम उपस्थिति देखने को मिलती है।