स्कूलों की तरफ से बढ़ाई गई बेतहाशा फीस बढ़ोतरी को लेकर अभिभावकों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को सेक्टर-16 ए स्थित एपीजे स्कूल के बाहर अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान तेज बारिश हो रही थी। लेकिन अभिभावकों ने बारिश की भी फिक्र नहीं की और छाता लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान अभिभावकों से मिलने के लिए स्कूल प्रबंधन की तरफ से कोई नहीं आया।
विरोध प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों ने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने दो साल में 30 से 35 फीसदी फीस बढ़ाई है। सिर्फ इसी साल 17 से 18 प्रतिशत फीस बढ़ाई गई है।
वहीं, ट्रांसपोर्ट चार्ज में 45 प्रतिशत बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावा स्कूल प्रबंधन डेवलपमेंट चार्ज और सालाना चार्ज के नाम पर भी लूट रहा है। ऐसा ही रहा तो स्कूल प्रबंधक आगे भी इसी तरह से फीस बढ़ाते रहेंगे और हम लोग मरते रहेंगे।
वहीं एक अभिभावक ने बताया कि हम लोगों ने सुबह 9 बजे से लेकर सुबह 11:30 तक प्रदर्शन किया लेकिन स्कूल की तरफ से कोई हमसे मिलने नहीं आया। स्कूल के प्रिंसिपल गेट से बाहर निकल रहे थे, लेकिन हमें देखकर वो दूसरे गेट से बाहर निकल गए।