हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से संबद्धित स्कूलों में 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाएं एक मार्च से शुरू होंगी। इसके लिए बोर्ड की ओर से परीक्षा के लिए समय सारिणी जारी कर दी गई है। इन कक्षाओं के परीक्षार्थी भी सुबह की पाली में ही परीक्षा देंगे। 9वीं और 11वीं दोनों कक्षाओं की पहली परीक्षा अंग्रेजी विषय से शुरू होगी। एक मार्च को दोनों कक्षाओं के परीक्षार्थी पहली परीक्षा देंगे।
परीक्षा के दौरान बोर्ड की तर्ज पर इन वार्षिक परीक्षाओं के लिए प्रश्न पत्र बोर्ड कार्यालय की तरफ से ही भेजे जाएंगे। गौरतलब है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए हरियाणा बोर्ड ने वर्ष 2015 में 9वीं और 11वीं कक्षा के छात्रों के लिए वार्षिक परीक्षाओं की व्यवस्था लागू की थी।
बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम सुधरे यही इस बदलाव की मुख्य वजह थी। स्कूलों में दिव्यांग बच्चों को परीक्षा के लिए 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। बोर्ड की ओर से इस बाबत स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा के दौरान एक घंटे की समय अवधि में छात्रों को ये अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
09वीं की अगली परीक्षा पांच मार्च को गणित विषय की होगी। वहीं परीक्षा का दौर 17 मार्च तक चलेगा। उधर, 11वीं कक्षा के लिए परीक्षाओं का दौर 24 मार्च तक जारी रहेगा।
अंतिम परीक्षा वैकल्पिक विषयों की होगी। 09वीं और 11वीं के छात्रों के लिए परीक्षाएं सुबह की पाली में आयोजित की जाएंगी। सुबह 8.30 बजे से 11 बजे तक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। ढाई घंटे की इस परीक्षा के दौरान बोर्ड की तर्ज पर कड़ी निगरानी बरती जाएगी। वहीं परीक्षा के दौरान छात्रों की चेकिंग और निगरानी के लिए शिक्षकों की ड्यूटी रहेगी।