अब एकेटीयू से संबद्ध कॉलेजों के ऐसे छात्र मुख्य परीक्षाओं में नहीं बैठ पाएंगे, जिनकी उपस्थिति पूरी नहीं होगी। इस बार कॉलेज चाहकर भी छात्रों की मदद नहीं कर पाएंगे, क्योंकिदिसंबर के पहले सप्ताह में अटेंडेंस पोर्टल शुरू कर दिया जाएगा और प्रत्येक कॉलेज को उस पर ही छात्रों की उपस्थिति की सूची डालनी होगी। प्रत्येक सप्ताह छात्रों की उपस्थिति कॉलेज से मांगी जाएगी।
दरअसल, पिछले साल उपस्थिति को लेकर प्रदेश के कई कॉलेजों में छात्रों ने हंगामा किया था। कुछ कॉलेजों पर आरोप था कि वह रुपये लेकर छात्रों की उपस्थिति पूरा कर रहे हैं। वहीं,कुछ छात्राें का आरोप था कि कॉलेज में छात्रहित के लिए कदम उठाने वाले छात्रों को उपस्थिति कम दिखाकर परीक्षा में नहीं बैठने दिया गया। इन सब को देखते हुए एकेटीयू ने उपस्थिति प्रक्रिया को ऑनलाइन करने की योजना बनाई थी। इसके लिए प्रत्येक कॉलेज को बायोमेट्रिक सिस्टम लगाने के लिए कहा था, मगर कुछ कॉलेजों ने असमर्थता जता दी।
इससे यूनिवर्सिटी को दूसरा रास्ता निकालना पड़ा है। एकेटीयू ने अब एक पोर्टल बनाया है, जिसे दिसंबर के प्रथम सप्ताह में शुरू कर दिया जाएगा।
मुख्य परीक्षाओं से पहले इस पोर्टल को शुरू करने की पूरी तैयारी है। इससे कॉलेजों में निष्पक्षता आएगी और जो छात्र कॉलेज से बंक मारते हैं उससे भी छुटकारा मिलेगा। साथ ही पढ़ाई में भी सुधार होगा। बाद में इस पोर्टल को यूनिवर्सिटी की वेबसाइट से लिंक कर दिया जाएगा।
जेपी पांडेय, परीक्षा नियंत्रक एकेटीयू