एकेटीयू की ओर से नोएडा के सेक्टर-62 स्थित परिसर में तीन दिवसीय समस्या निवारण शिविर लगाया गया। तीन दिन में करीब 700 छात्रों की समस्याओं को दूर किया गया, जबकि करीब 195 छात्रों का शिकायती पत्र लेकर समस्या दूर करने का आश्वासन दिया गया है।
परीक्षा नियंत्रक जेपी पांडेय ने बताया कि पश्चिमी यूपी के मेरठ, आगरा, सहारनपुर और अलीगढ़ समेत सभी जिलों के कॉलेजों के छात्रों की समस्याओं को देखते हुए तीन दिवसीय समस्या निवारण शिविर लगाया गया।
इसमें वह स्वयं एकेटीयू परिसर में मौजूद रहे और हर रोज करीब 300 छात्र आए। उनकी समस्याओं को गंभीरता से हल कराया गया। उन्होंने बताया कि करीब 700 छात्रों की समस्याओं को मौके पर ही दूर कर दिया गया, जबकि करीब 195 छात्रों की लिखित शिकायत लेकर समस्या दूर करने का आश्वासन दिया गया है।
उन्होंने बताया कि छात्रों की समस्याओं को देखते हुए विचार किया जा रहा है कि इस प्रकार का शिविर हर तीन माह में लगाया जाए, ताकि छात्रों को लखनऊ के चक्कर न लगाने पडे़।
इस तरह समय-समय पर प्रदेश के चार जोन बनाकर शिविर लगाने पर विचार चल रहा है। कुलपति से मंजूरी मिलने के बाद कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा।