एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एकेटीयू) से संबद्ध इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कॉलेजों में यूपी-सीबीएसई 12वीं के नतीजे आने के साथ ही सीटों पर प्रोविजनल (अस्थायी) दाखिला प्रक्रिया काउंसलिंग से पहले ही शुरू हो गई है। मैनेजमेंट कोटे की 15 प्रतिशत पर कॉलेज सीधे प्रवेश दे रहे हैं। हालांकि 24 जून से शुरू हो रही काउंसलिंग प्रक्रिया के तहत छात्रों के पास नोएडा-ग्रेटर नोएडा के कॉलेजों में 18 हजार से अधिक सीटों का विकल्प मौजूद रहेगा।
एकेटीयू से जुड़े जिले के कॉलेजों में बीटेक, फॉर्मेसी, ऑर्किटेक्चर, होटल मैनेजमेंट, एमबीए और एमसीए समेत विभिन्न कोर्सों में इस बार 18,783 सीटों पर दाखिले होने हैँ। जो कि पिछले साल की तुलना में करीब 28 फीसदी कम हैं। साल-2015 में नोएडा-ग्रेनो के कॉलेजों 26,440 सीटों पर काउंसलिंग के माध्यम से प्रवेश दिया गया था।
हालांकि इस बार एकेटीयू ने भारी संख्या में प्रदेश भर के कॉलेजों में सीटों की कटौती की है। कुछ कोर्स भी बंद हुए हैं। वहीं करीब दर्जन भर कॉलेज बंद भी हुए हैं। पिछले साल छात्रों की कमी के चलते काफी सीटें खाली रह गई थी। इस बार यूपी-एसईई की प्रवेश परीक्षा में बीटेक की 1,19,815 छात्र उत्तीर्ण हुए थे जो कि 1,15,931 सीटों पर दाखिले के लिए कतार में है। ऐसे में कॉलेजों में सीटें भरने की उम्मीद जगी है। वहीं एमबीए और एमसीए में सीटें घटने के बाद भी हाल बुरा रहेगा। सीटों के मुताबिक एसईई में कम छात्र सफल हुए है।
फार्मेसी व आर्किटेक्चर में राह होगी आसान
एसईई की परीक्षा में फार्मेसी और आर्किटेक्चर की सीटों के लगभग बराबर ही अभ्यर्थी सफल हुए हैं। ऐसे में काउंसलिंग में छात्र आसानी से दाखिला ले सकेंगे।
एकेटीयू के कोर्सवार कॉलेज और सीट
कोर्सवार कॉलेज सीट(2016) सीट(2015)
बीटेक 22 13908 16080
एमबीए 29 2975 5100
बीफार्मा 8 800 940
एमसीए 15 730 1620
बीआर्क 3 190 240
एमसीए
सेकेंड इयर 2 135 240
होटल
मैनेजमेंट 1 45 60