बेहतरीन करियर व सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए अब प्रोफेशनल कोर्स आज के युवाओं की पहली पसंद बनने लगे हैं। युवाओं का मानना है कि जमा दो के बाद ऐसे कोर्स करने से उन्हें रोजगार प्राप्त करने के लिए लम्बा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
डीएवी शताब्दी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतीश आहूजा का भी कहना है कि अब परंपरागत कोर्सो की बजाए छात्र प्रोफेशनल कोर्स की तरफ ज्यादा ध्यान दे रहा है। शहर के कॉलेजों में पिछले 15 दिनों से मिशन एडमिशन प्रक्रिया जारी है। अब तक डीएवी कॉलेज में 2800 से ज्यादा छात्रों ने ऑनलाइन फार्म भर चुके हैं।
शनिवार को करीब 250 छात्रों ने ऑनलाइन फार्म भरा। अब तक करीब 2200 फार्म सिर्फ वोकेशनल कोर्स के लिए भरे गए। कॉलेज परिसर में दाखिले के लिए आ रहे विद्यार्थियों का उचित मार्गदर्शन करने के लिए काउंसलिंग के लिए चार सदस्यीय प्राध्यापकों की टीम लगाई गई है।
यह टीम छात्रों की करियर संबंधी जिज्ञासा शांत करने का काम कर रही है। छात्र ऑनलाइन प्रोस्पेक्टर्स के बाद परिसर में इधर-उधर बैठकर पढ़ते नजर आए। केएल मेहता कॉलेज में शनिवार को 270 फार्म बिके।
हेड क्लर्क मीना रंगीला ने अब तक कॉलेज में 2200 प्रॉस्पेक्टर्स बिकने की जानकारी दी। यहां भी छात्राओं में प्रोफेशन कोर्स को लेकर मारामारी देखी गई। इसी तरह बल्लभगढ़ अग्रवाल कॉलेज में भी तीन हजार से ज्यादा फार्म भर चुके हैं। यहां छात्रों में बीकॉम और बीबीए हॉट बना हुआ है।
प्रोफेशनल कोर्स में बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन और बैचलर इन टूरिज्म मैनेजमेंट में रूझान कम है। इन दोनों सब्जेक्ट की पढ़ई डीएवी शताब्दी कॉलेज और गर्वमेंट वूमेन कॉलेज में होती है। दोनों जगह छात्रों का रुझान काफी कम है। नए शैक्षणिक सत्र से बीटीएम कोर्स चार साल कर दिया गया है।