दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2017-18 में यूजी कोर्सेज में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया सोमवार से (22 मई से) शुरू होने जा रही है। छात्रों को आवेदन करने में परेशानी न हो इसके लिए न केवल ऑनलाइन फॉर्म को स्टूडेंट फ्रैंडली बनाया गया है, बल्कि उन्हें फॉर्म भरने की ऑनलाइन क्लास भी मिलेगी।
इसके तहत डीयू प्रशासन अपने नए दाखिला पोर्टल पर फॉर्म भरने के विषय में जानकारी उपलब्ध कराएगा, चूंकि फॉर्म कई चरणों में होगा लिहाजा उसे कैसे भरना है उसका पता छात्रों को चल सकेगा। डीयू दाखिला ओएसडी आशुतोष भारद्वाज के मुताबिक, बीते साल के मुकाबले में आनलाइन आवेदन फॉर्म में कुछ बदलाव भी किए गए हैं।
उसे इस तरह से तैयार किया गया है कि छात्रों को कोई परेशानी न हो। इस बार आवेदन के लिए वेबसाइट को भी छात्र हितैषी बनाया गया है, ताकि देश के किसी भी कोने से आसानी से फॉर्म भरा जा सके। इससे फॉर्म भरने से पहले उन्हें छोटी सी छोटी जानकारी ऑनलाइन ही उपलब्ध हो जाएगी।
एक ही आवेदन फॉर्म से नॉन कालिजिऐट, ईसीए, स्पोर्ट्स, कश्मीरी विस्थापित श्रेणी, पीडब्ल्यूडी और सीडब्ल्यू श्रेणी के लिए आवेदन किया जा सकेगा। आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले दाखिला प्रॉसपेक्ट्स व दाखिले से जुड़ी गाइडलाइंस की दाखिला पोर्टल पर अपलोड कर दी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, दाखिला पोर्टल व गाइडलाइन शनिवार या रविवार को जारी हो सकती है।
तब देने पड़े थे 600-800
बता दें कि पिछले साल से ही ऑफलाइन प्रक्रिया को खत्म कर ऑनलाइन प्रक्रिया की शुरू की गई थी। हालांकि शुरुआती दिनों में इसमें काफी दिक्कतें आई थीं। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने से छात्रों ने साइबर कैफे में जाकर फॉर्म भरने के लिए 600-800 रुपये तक चुकाए थे। ऐसे में प्रशासन ने बीते साल से सबक लेते हुए फॉर्म को इस तरह से बनाया है कि छात्र उसे आसानी से भर सकेगा।
जैसे ही वह दाखिला पोर्टल खोलेगा, फॉर्म के संबंध में गहन जानकारी मिल जाएगी। यह जानकारी दाखिला पोर्टल पर चरणबद्ध तरीके में होगी। इस बार ऑनलाइन आवेदन में यह सुविधा भी होगी कि रिजल्ट के बाद अंक भी भर सकेंगे और चाहे तो गलती में सुधार भी हो सकेगा।