डीयू में नए सत्र की शुरुआत के साथ ही पांचवीं कटऑफ के दाखिले खत्म हो गए। शेड्यूल के मुताबिक पांचवीं कटऑफ के दाखिले के लिए दो ही दिन तय किए गए थे। बुधवार रात एक दिन और बढ़ाने की घोषणा की गई।
जानकारी मिलते ही बारिश के बावजूद बृहस्पतिवार को छात्र कॉलेजों में दाखिला लेने पहुंचे। शाम सात बजे तक 56 हजार सीटों के लिए 52,654 दाखिले मंजूर हो चुके हैं। इनमें से 51,156 ने फीस जमा कराकर अपनी सीट पक्की करा ली।
आखिरी दिन कुछ कॉलेजों में दाखिलों को लेकर भीड़ रही तो कुछ जगह कम ही दाखिले हुए। दाखिला रद्द कराने से छात्रों ने थोड़ा परहेज ही किया। चूंकि बीएमएस, बीबीई व बीबीएएफआई का रिजल्ट जारी हो चुका है।
ऐसे में 22 जुलाई को आने वाली छठी कटऑफ लिस्ट में बीकॉम ऑनर्स, ईको ऑनर्स व बीकॉम पास में से दाखिले रद्द होने की संभावना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 52,654 में से सबसे अधिक 31,198 दाखिले अनारक्षित वर्ग के ही मंजूर हुए हैं।
वहीं उसके बाद 11,142 दाखिले ओबीसी, एससी के 6,435, एसटी के 1771, सिख अल्पसंख्यक के 1105, पीडब्लयूडी के 542, वार्ड कोटा 238, कश्मीरी विस्थापित 118, शहीद सैैनिक बच्चों के कोटा (सीडब्लयू) के 105 छात्रों के दाखिले मंजूर हुए हैं।