दिल्ली विश्विद्यालय रेगुलर कॉलेज में दाखिले का अंतिम अवसर देने जा रहा है। इसके लिए प्रशासन ने आठवीं कट ऑफ जारी कर दी है। इस कट ऑफ के आधार पर केवल मंगलवार 27 अगस्त तक ही दाखिला लिया जा सकता है।
खास बात ये है कि इस कट ऑफ में अब भी बीकॉम ऑनर्स और बीकॉम में सामान्य के लिए दाखिले का अवसर है। बीकॉम आनर्स की सीट सामान्य श्रेणी के लिए 31 कॉलेज और बीकॉम की 27 कॉलेज में खाली है।
इस कट ऑफ में आरक्षित श्रेणी के छात्रों के लिये दाखिले की काफी संभावनाएं हैं जबकि लगभग 20 कॉलेज में इंग्लिश ऑनर्स में सामान्य श्रेणी के लिए सीटें हैं ।हंसराज कॉलेज में बीकॉम ऑनर्स में 97.12, हिन्दू में 97.37, आंबेडकर में 89.75, दौलत राम कॉलेज में 95.50 फीसदी में दाखिला लिया जा सकता है। दौलत राम में फिलॉसफी ऑनर्स में 88.50 पर दाखिला हो जाएगा।
गार्गी में राजनीति शास्त्र ऑनर्स में 95.50 फीसदी पर दाखिला लिया जा सकता है। डीयू में 31 अगस्त के बाद दाखिले बंद हो जाएंगे लिहाजा छात्रों के पास डीयू में दाखिले का अंतिम मौका है। अब अवसर से छूटे तो अगले साल ही दाखिले का अवसर मिल सकेगा।