दिल्ली विश्वविद्यालय में विद्वत परिषद (एसी) व कार्यकारी परिषद (ईसी) के चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो चुके हैं। विद्वत परिषद (एसी) के 26 और कार्यकारी परिषद (ईसी) के 2 पदों के लिए बृहस्पतिवार को मतदान होगा। चुनाव में करीब 10 हजार शिक्षकों ने अपने मत का प्रयोग किया। 40 से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए थे।
इन केंद्रों पर सुबह 10.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक मतदान हुआ। विद्वत परिषद की 26 सीटों के लिए 32 व कार्यकारी परिषद की दो सीटों के लिए छह प्रत्याशी मैदान में थे। 10 फरवरी को मतगणना शुरू होगी।
डीयू में विभिन्न नीतिगत निर्णयों के लिए विद्वत व कार्यकारी परिषद को महत्वपूर्ण माना जाता है। इस बार इस चुनाव में चार प्रमुख शिक्षक संगठनों ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इनमें भाजपा समर्थक शिक्षक संगठन एनडीटीएफ, कांग्रेसी विचारधारा समर्थक शिक्षक संगठन एएडी, वामपंथी विचाराधारा का समर्थक शिक्षक संगठन डीटीएफ और कांग्रेस का शिक्षक संगठन इंटेक शामिल है।
एनडीटीएफ ने इस बार ईसी के लिए डॉ. एके भागी और डीटीएफ ने ईसी के लिए रुद्राशीष चक्रवर्ती को उम्मीदवार बनाया है। एएडी ने इस बार ईसी के लिए डॉ. राजेश झा को उम्मीदवार बनाया है। इंटेक ने ईसी के लिए डॉ. एएम खान को मैदान में उतारा है।
डेमोक्रेटिक टीचर फोरम फॉर सोशल जस्टिस ने ईसी के लिए शांतनु कुमार दास को अपना उम्मीदवार बनाया है। माना जा रहा है कि ईसी की दो सीटों के लिए मुख्य मुकाबला एनडीटीएफ के उम्मीदवार एके भागी व डीटीएफ के रुद्राशीष चक्रवर्ती के बीच है। हालांकि एएडी के उम्मीदवार डॉ. राजेश झा ने भी अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है।