एमडीयू से संबद्ध जिले के कॉलेजों में 16 जुलाई से नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो जाएगा। इसके लिए सोमवार एवं मंगलवार को आवेदन पत्रों की छंटनी कर पांच जुलाई को पहली कटऑफ जारी कर दी जाएगी।
विद्यार्थियों को पहली कटऑफ सूची का इंतजार बना हुआ है, वहीं कॉलेज प्रशासन ने अपनी तरफ से तैयारियां पूरी कर दी है। इस बार राजकीय नेहरू कॉलेज में दाखिला पाने के लिए 14262 विद्यार्थियों की नजर बनी हुई है।
जिले में इस बार 35 हजार विद्यार्थियों ने स्नातक के लिए आवेदन किया है, ऐसे में कॉलेज प्रशासन के लिए विद्यार्थियों की छंटनी करना चुनौती बना हुआ है। एमडीयू की तरफ से आठ जून को दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया का दौर शुरू हुआ था।
30 जून को अंतिम दिन करीब 2 हजार विद्यार्थियों ने आवेदन किया। पहली कटऑफ वाले विद्यार्थियों को 8 जुलाई शाम 4 बजे से फीस जमा कर दाखिला पक्का करना होगा। इसके बाद 9 जुलाई को दूसरी और 13 जुलाई को तीसरी कटऑफ जारी होगी।
एक नजर में :
सीट - 8600
आवेदन पत्र की संख्या -35000
कॉलेज संख्या -7
दाखिले के दौरान देना होगा आवेदन पत्र
नोडल अधिकारी भरत राज ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्देशों के मुताबिक आवेदन पत्र का प्रिंट आउट दाखिले के दौरान जमा कराना होगा। जिन विद्यार्थियों ने अंतिम दिन गलतियों को सुधारा है, वह संशोधित आवेदन पत्र को अपने साथ रखें।