18 जून को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सर्विसेज प्रारंभिक परीक्षा गुरुग्राम में होगी। इसके लिए जिले में 56 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। इस परीक्षा में करीब 19 उम्मीदवार परीक्षा देंगे।
जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा के लिए 20 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तथा 41 ड्यूटी ऑफिसर लगाए गए है। परीक्षा कक्ष में 24 उम्मीदवारों के लिए दो इंवीजिलेटर होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।
इस परीक्षा को लेकर मंगलवार को उपायुक्त हरदीप सिंह व अतिरिक्त उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने विद्यालयों के प्राचार्यो, ड्यूटी मजिस्ट्रेट, सेंटर सुपरवाइजर व डाक विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।
इस परीक्षा के लिए अतिरिक्त उपायुक्त विनय प्रताप सिंह को कोर्डिनेटिंग सुपरवाइजर- कम- नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। बैठक में उपायुक्त हरदीप सिंह ने विद्यालयों के प्राचार्यो, ड्यूटी मजिस्ट्रेट, सुपरवाइजरों को परीक्षा के आयोजन के संबंध में महत्वपूर्ण हिदायतें दी।
उपायुक्त ने बताया कि परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी। प्रथम सत्र प्रात: 9:30 बजे से 11:30 बजे तक का होगा जबकि दूसरा सत्र दोपहर बाद 2:30 बजे से 4:30 बजे तक का होगा। उस दिन सुपरवाईजर तथा इंवीजिलेटर की ड्यूटी देने वाले स्टाफ को परीक्षा केंद्रो पर प्रात: 7:00 बजे तक पहुंचने के लिए कहा गया है।
जिले में बैठने वाले 47 निशक्त परीक्षार्थी को प्रत्येक पेपर में 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। विशेष परीक्षा केंद्र सेंट पीबीएन स्कूल, सेक्टर-17बी, इफ्को चौक के निकट में बनाया गया है।
मुख्य द्वार से ंलेकर परीक्षा कक्ष तक साइन बोर्ड की व्यवस्था करें ताकि परीक्षार्थी को स्थान ढूंढने में परेशानी ना हो। परीक्षा केंद्र में कोई भी व्यक्ति, परीक्षार्थी या ड्यूटी पर तैनात स्टाफ मोबाईल फोन या इलेक्ट्रानिक गैजेट लेकर नहीं जा सकता।
अतिरिक्त उ ायुक्त विनय प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय पुलिसकर्मियों द्वारा उनकी चेकिंग की जाएगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 0124-2332363, 0124-2322211 है।
बैठक में जिला शिक्षा विभाग के जिला परियोजना संयोजक मुकेश यादव ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से परीक्षा के आयोजन संबंधी महत्वपूर्ण तथ्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर उनके साथ गुरुग्राम उत्तरी के एसडीएम भारत भूषण गोगिया व गुरुग्राम रीजन की पोस्टमास्टर जनरल कल्पना भी उपस्थित थी।