-हरिनगर स्थित तिहाड़ जेल के पास हुआ हादसा
-पीड़ित का अस्पताल में चल रहा है इलाज
-पुलिस मामले की छानबीन में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
हरिनगर इलाके में तिहाड़ जेल के पास एक तेज रफ्तार कैब ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार घायल हो गए। पीड़ित की पहचान 52 साल के गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है। पीड़ित का दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने कैब को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि हरिनगर थाना पुलिस को सोमवार दोपहर तिहाड़ जेल के पास सड़क हादसे की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कैब के पिछले पहिए के नीचे एक बाइक फंसी है। मौके पर छानबीन करने पर पता चला कि कैब ने बाइक को टक्कर मारी है। टक्कर लगते ही बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे। उसके बाद कार बाइक पर चढ़ गई। घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अस्पताल पहुंची, जहां 52 साल के गुरविंदर का इलाज चल रहा था। वह होश में थे और बातचीत कर रहे थे। उनके शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं थे, सीने में थोड़ी सूजन थी। वह फिलहाल बयान नहीं दे पाए हैं। पुलिस ने कार को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि घायल शख्स के बयान के बाद ही मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।