पुरानी रंजिश या अचानक झगड़े की आशंका, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शाहदरा जिले के कृष्णा नगर इलाके में बृहस्पतिवार रात बीच सड़क पर एक कैब चालक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान वेस्ट विनोद नगर निवासी विजय कुमार (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। शुरुआती जांच में लूटपाट का कोई साक्ष्य नहीं मिला है, इसलिए अचानक झगड़ा या पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि रात करीब नौ बजे चाइल्ड अस्पताल के पास मुख्य सड़क पर कैब चालक पर चाकू से हमले की सूचना मिली। मेट्रो पिलर संख्या-90 के पास एक कार लावारिस खड़ी मिली। स्थानीय लोगों ने बताया कि घायल चालक को डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। जांच में अब तक लूटपाट की कोई बात सामने नहीं आई है। पुलिस घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मृतक के परिवार व स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।