कोटला मुबारकरपुर (केएमपुर) इलाके में गुरुद्वारा रोड पर शनिवार रात दो गाड़ियों के साइड मिरर टकराने को लेकर हुई बहस में कार सवार ने ओला कैब चालक को गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे एम्स के ट्रामा सेंटर में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे हैं, जिनकी तलाश में केएमपुर थाना पुलिस जुट गई हैं।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार संगम विहार निवासी उमेश (40) पहले केएम पुर में रहता था, इसलिए वह शनिवार को वहां आया हुआ था। रात करीब साढ़े 12 बजे अपनी वैगनआर ओला कैब को गुरुद्वारा रोड पर खड़ी कर वह अपने दोस्त के साथ कैब में ही शराब पी रहा था। इसी दौरान वहां आई एक कार और कैब के साइड मिरर टकरा गए।
कैब साइड में खड़ी करने की बात पर कार चालक लोगों की उमेश से बहस हो गई। इसी बीच कार से एक व्यक्ति उतरा और उमेश को गोली मार दी। इसके बाद कार सवार लोग फरार हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल उमेश को एम्स के ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को मौके से एक खोल मिला है। उमेश के परिवार में दो लड़की, एक लड़का और पत्नी है। वह परिवार में इकलौता कमाने वाला था।
सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए आरोपी
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की कार सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आरोपी कार को तेजी से भगाकर ले जा रहे हैं। इस कारण कार का रजिस्ट्रेशन नंबर स्पष्ट नहीं हो पा रहा था।