आनंद विहार इलाके में शुक्रवार रात करीब नौ बजे एक व्यक्ति से लूट कर भाग रहे बदमाशों का दबोचने के लिए पीछा कर रहे कैब चालक को एक बदमाश ने गोली मार दी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार सुरेंद्र नामक व्यक्ति अपने कर्मचारी से कलेक्शन के रुपये लेकर जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर आए बदमाश उससे रुपये छीनकर भागने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने बदमाशों को पकड़ने के लिए उनका पीछा किया।
इसी बीच जागृति एन्क्लेव में आए कैब चालक जगतपुरी निवासी मोहित (28) ने बदमाशों का किसी वारदात को अंजाम देकर भागने और भीड़ की आवाज सुनी तो बहादुरी का परिचय देते हुए वह भी उनके पीछे भागा और एक बदमाश को पकड़ा।
इसी बीच दूसरे बदमाश ने गोली चला दी, जो मोहित को लगी। लोग उसे संभालने में लगे, जिसका फायदा उठाकर बदमाश फरार हो गए। मोहित को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।