ग्रेटर नोएडा में देर रात कासना के पास एक सीएनजी पंप पर व्यापारी को गोली मार दी गई। कार में सीएनजी लेने के लिए खड़े व्यापारी ने लाइन तोड़कर पहुंचे तीन युवकों को टोक दिया था, इतने में ही एक युवक ने व्यापारी पर गोली चला दी। गोली चलते ही पंप पर भगदड़ मच गई।
विज्ञापन
आरोपी मौका पाकर फरार हो गए। व्यापारी को गंभीर हालत में अस्पताल में भरती कराया गया है। कासना की पुलिस देर रात घेराबंदी करके आरोपी युवकों की तलाश में जुटी रही।
पुलिस ने बताया कि मूलरूप से सिकंदराबाद निवासी मांगेराम की कासना में स्पेयर पार्ट्स का कोराबार है। हर दिन की तरह सोमवार को वह देर रात दुकान बंद करके वह अपने घर के लिए चले थे। कासना बस अड्डे के पास पेट्रोल पंप पर होंडा सिटी कार में सीएनजी डलवाने के लिए लाइन में लग गए। रात करीब नौ बजे पंप पर भीड़ थी। एक-एक करके गाड़ियों में सीएनजी भरी जा रही थी।
विज्ञापन
तीन युवक सेंट्रो कार में सवार होकर आए थे
इसी बीच एक सेंट्रो कार में तीन युवक आए और गलत दिशा से होते हुए सबसे पहले सीएनजी डालने के लिए बोले। इसी बीच व्यापारी ने युवकों को टोका और कहा कि वह काफी समय से लाइन में हैं और अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। कार में से एक युवक ने मांगेराम को गोली मार दी। अचानक चली गोली से वहां भगदड़ मच गई। पंप पर काम कर रहे कर्मचारी भाग खड़े हुए और लाइन में सीएनजी डलवाने का इंतजार कर रहे लोग भी वाहन लेकर भाग लिए।
आरोपी युवक भी फिल्मी स्टाइल में सेट्रो कार को यू टर्न करके फरार हो गए। घटना की सूचना लोगों ने तत्काल पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात आपरेशन करके गोली निकालने का प्रयास किया जा रहा था। खून अधिक बह जाने के चलते व्यापारी को सघन चिकित्सा केंद्र में रखा गया है
दरअसल, ग्रेनो में इन दिनों पुलिस का भय नहीं है। आए दिन बिना बात पर किसी न किसी को गोली मारने की वारदातें होती रहती हैं। पिछले दिनों जैतपुर गांव केपास रास्ता चल रहे एक युवक से कार सवार कुछ लोगों ने कहीं जाने का रास्ता पूछा तो युवक ने यह कह दिया कि उसे मालूम नहीं है, उतने में ही कार सवार लोगों ने उसे गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। वह घटना भी रात की ही थी।
पिछले साल तो परी चौक के पास बाइक पर सवार एक युवक ने साइकिल पर जा रहे युवक को गोली मार दी थी। बाइक पर बैठा दूसरा युवक यह भी कहते पाया गया था कि गोली चलाने के लिए ऐसे भी अभ्यास होता है। पिछले कुछ माह में इसी तरह की बिना बात पर गोली मारने की करीब डेढ़ दर्जन घटनाएं हो चुकी हैं।
देर रात खतरे से खाली नहीं है ग्रेटर नोएडा
शाम ढलते ही ग्रेटर नोएडा शहर में सफर करना खतरे से खाली नहीं है। उसका मुख्य कारण है कि अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर पुलिस का कोई अंकुश नहीं रहा है। विशेषकर देर शाम होते ही शराब की दुकानों पर आवारा किस्म के युवकों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है। ऐसे ही युवक बिना बात कर वारदातें कर रहे हैं और सबसे खतरनाक स्थिति यह है इनके पास अवैध हथियार भी होते हैं।
दरअसल, ढाई साल पहले ग्रेनो में अपराधियों ने मुंह उठाया था। प्रदेश सरकार की तरफ से यहां की पुलिस को काफी लताड़ लगी थी। इसके बाद पुलिस ने चेकिंग अभियान शुरू किया था। सबसे पहले शराब की दुकानों के आसपास शाम होते ही छापे डालने शुरू किए गए।
गामा शॉपिंग मॉल के पास तो युवकों ने चेकिंग होने पर पुलिस के साथ हाथापाई तक कर दी। जिन युवकों ने पुलिस को मारापीटा था, उनको चौराहे पर लाकर पीटा गया था। काफी राजनीतिक सिफारिशें होने के बाद भी युवकों को नहीं छोड़ा गया था।
होती है नेताओं की भूमिका
करीब एक सप्ताह की सघन चेकिंग में शाम होते ही शराब के ठेकों के आसपास असमाजिक तत्वों ने जाना ही छोड़ दिया था। इसके बाद दूसरे चरण का पुलिस ने अभियान चलाया था कि देर रात चेकिंग होती थी। कोई भी मिलने पर उससे पूछा जाता था कि कहां से आ रहे और कहां पर जाओगे। अगर कोई शराब के नशे में होता था तो पुलिस तुरंत कार्रवाई करती थी और उसके परिजनों को बुलाकार हिदायत दी जाती थी कि आइंदा ऐसी घटना हुई परिवार भी जिम्मेदार होगा।
हालात यह हो गए थे कि शाम होते ही लोगों ने अपने बच्चों को बिना काम के शहर में निकलने से मना कर दिया था। क्योंकि किसी भी युवक के पकड़े जाने पर उनके परिजनों को भी फोन किया था कि आपका लाड़ला शहर में आवारागर्दी कर रहा है। इसी ग्रेनो शहर से अपराधी भाग गए थे और पुलिस का अपराधियों में इतना भय हो गया था कि शहर से होकर गुजरने में डर लगता था।
ग्रेनो शहर के लोग मानते हैं कि अपराध रोकने के लिए पुलिस को सड़क पर उतरना पड़ेगा, अन्यथा अपराधियों का ही बोलबाला रहेगा, जो विश्वस्तरीय शहर के लिए खतरनाक है। इसके लिए पुलिस को भी बिना किसी दबाव के काम करने की छूट देनी होगी और राजनीतिक हस्तक्षेप बंद करना होगा।
ग्रेटर नोएडा के सीएनजी पंप पर व्यापारी को गोली मारने के बाद वहां भगदड़ मच गई। इस दौरान वहां मौजूद कर्मचारी भाग खड़े हुए। घटना की सूचना लोगों ने तत्काल पुलिस को दी, लेकिन उसी बीच मौके का फायदा उठाकर आरोपी युवक भी फिल्मी स्टाइल में सेंट्रो कार को यू टर्न लेकर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल व्यापारी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
देर रात ऑपरेशन करके गोली निकालने का प्रयास किया जा रहा था। खून अधिक बह जाने के चलते व्यापारी को सघन चिकित्सा केंद्र में रखा गया है। पुलिस नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
ग्रेटर नोएडा में आए दिन बिना बात पर गोली मारने की वारदातें हो रही हैं। पिछले दिनों जैतपुर गांव के पास रास्ता चल रहे एक युवक से कार सवार कुछ लोगों ने कहीं जाने का रास्ता पूछा तो युवक ने यह कह दिया कि उसे मालूम नहीं है, उतने में ही कार सवार लोगों ने उसे गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। हाल में गोली मारने की करीब डेढ़ दर्जन घटनाएं हो चुकी हैं।