- न्यू उस्मानपुर स्थित होटल फ्लोरिश में मिला शव, देर रात दोस्तों के साथ की थी पार्टी, परिजनों का आरोप रुपये मांगते थे दोस्त
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर क्षेत्र के होटल फ्लोरिश के कमरे में कारोबारी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसकी शिनाख्त मोहित गर्ग उर्फ मन्नू (26) के रूप में हुई है। परिजनों का दावा है कि उसका शरीर नीला पड़ गया था। ऐसा लग रहा है कि उसको कुछ जहरीला पदार्थ दिया गया हो।
सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल बोर्ड के गठन की सिफारिश की है। पोस्टमार्टम के बाद मौत की वजहों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि होटल के कमरे में मोहित व उसके दोस्तों ने पार्टी की थी। उसकी मौत कैसे हुई इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस उसके दोस्तों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मोहित परिवार के साथ गली नंबर-5, ब्रह्मपुरी में रहता था। मोहित इकलौता भाई था। परिवार का गारमेंट का कारोबार है। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे वह घर से दोस्त के यहां से अपनी स्कूटी लेने जाने की बात कह कर निकला था। रात्रि 11.30 बजे पिता ने मोहित को कॉल किया तो उसने एक-डेढ़ घंटे में घर लौटने की बात की। मोहित के पिता नरेंद्र ने बताया कि देर रात करीब 2.30 बजे उसने अपनी बहन के पास कॉल कर अपने आधार कार्ड की कॉपी व्हाट्सएप पर मंगाई थी। उसके बाद उससे बातचीत नहीं हो पाई। परिजनों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका फोन बंद था।
परिजन उसका इंतजार कर ही रहे थे कि शनिवार शाम को दो दोस्तों ने घर आकर बताया कि मोहित दूसरे पुश्ता स्थित होटल फ्लोरिश के कमरे में बेहोश पड़ा है। परिजन उसे जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि एरिया के कुछ लड़के मोहित से 20 से 25 लाख की डिमांड करते थे। मना करने पर वह उसे मारने की धमकी देते थे।
परिवार ने कई बार इन दबंग लड़कों की शिकायत थाने में की थी, लेकिन पुलिस ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। परिजनों ने इन लोगों पर ही मोहित की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच कर रही है। होटल स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है।