परिवहन मंत्री सतेन्द्र जैन ने कहा कि अगले एक से दो दिनों में बसों के किराये में कमी हो जाएगी। फाइल को नवनियुक्त उपराज्यपाल को भेज दिया गया है। बसों के किराये में एक जनवरी से कमी होनी थी लेकिन तत्तकालीन उपराज्यपाल के इस्तीफा देने की वजह से इसमें देरी हो गई।
शकूरबस्ती विधानसभा इलाके में मोहल्ला क्लीनिक का उद्घाटन के दौरान यह बात स्वास्थ्य सह परिवहन मंत्री सतेन्द्र जैन ने कही। सतेन्द्र जैन ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण को कम करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
ज्यादा से ज्यादा लोग सार्वजनिक वाहनों का प्रयोग करें इस लिए बसों के किराये में कमी लाने का निर्णय लिया गया है। बिना एसी बाली बसों का किराया पांच रुपये करने का प्रस्ताव और एसी बाली बसों का किराया 10 रुपये करने का प्रस्ताव उपराज्यपाल को भेजा गया है। उम्मीद है कि एक-दो दिनों में इस पर फैसला हो जाए।
सतेन्द्र जैन ने कहा कि प्रदूषण को कम करने के लिए दूसरे भी उपाय किए जा रहे हैं। सड़कों की सफाई हो रही और पानी से भी धोया जा रहा है इसका भी असर दिख रहा है। ड्यूटी के दौरान सरकारी कर्मियों की मौत और उसके बाद सरकार की ओर से मुआवजे और नौकरी की घोषणा के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार ने जो घोषणाएं की है उसे पूरा करेंगे। मुआवजे में देरी इसलिए हो जाती है क्योंकि इसके पहले एक पूरी प्रक्रिया का पालन करना होता है।