पलवल। शहर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक का जली हुई अवस्था में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान शहर के बास मोहल्ला निवासी गोविंद के रूप में हुई है। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। जानकारी के अनुसार, गोविंद चांदपुर गांव स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। बुधवार शाम वह कंपनी से छुट्टी के बाद घर के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, मगर कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
शुक्रवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि हुडा सेक्टर-2 से पातली गांव की ओर जाने वाले रास्ते के समीप एक युवक का जला हुआ शव पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराई, जिसमें मृतक की पहचान गोविंद के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले गोविंद की मोहल्ले के ही कुछ युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। शहर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।