राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बृहस्पतिवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में आरोप लगाया कि भाजपा अगर सत्ता में वापस आती है तो वह संविधान बदल देगी। भाजपा लोगों के वोट के अधिकार को छीनने के लिए 400 सीटें मांग रही है।
अगर भाजपा सत्ता में आ गई तो 2024 का यह चुनाव आखिरी होगा। भाजपा नेता और लोकसभा प्रत्याशी लोगों से कह रहे हैं कि संविधान बदलने के लिए उन्हें एक तिहाई बहुमत दो। उन्होंने आरोप लगाया कि नेताओं और लोगों के मन में लगातार यह बात मजबूत हो रही है कि 2024 का चुनाव अंतिम चुनाव है। किसानों, युवाओं और महिलाओं के अधिकार के छीन लिए जाएंगे।
गृहमंत्री ने कहा है कि भाजपा 50 साल तक राज करेगी, लेकिन चुनाव कौन जीतेगा-कौन हारेगा, यह जनता तय करती है। 2017 में आरएसएस के प्रमुख नेता मोहन वैद्य ने कहा था कि देश में आरक्षण खत्म होना चाहिए। देश के लोगों के लिए डॉ. बीआर आंबेडकर ने देश का संविधान लिखा है। इसे तार-तार करना चाहते हैं।
भाजपा के सांसद और नेता घूम-घूमकर 400 सीटें मांग रहे हैं। चुनाव में भाजपा मुद्दों पर वोट नहीं मांग रही है। केंद्र सरकार चुनावी चंदे, पूंजीपतियों के 15 लाख करोड़ रुपये माफ करने जैसे मुद्दे पर चर्चा नहीं करती है। भाजपा देश के 85 फीसदी लोगों के अधिकार और पिछड़ों, आदिवासियों व अल्पसंख्यक से आरक्षण, किसानों से एमएसपी का अधिकार छीनना चाहती है।