जेसीबी से हटाया जा रहा मलबा
- फोटो : अमर उजाला
स्थानीय लोगों चार को निकाला बाहर
बचाव दल के मौके पर पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने मलबे में फंसे चार लोगों को बाहर निकाल लिया। फौरन उनको नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मौके पर स्थानीय लोगों के साथ बचाव दल राहत कार्य में जुटा हुआ है। देर रात छह और लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल भेज दिया गया है, फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अभी कई और लोगों के मलबे में फंसे होने की बात की जा रही है।
राहत कार्य में जुटे लोग
- फोटो : अमर उजाला
दो सौ गज में इमारत का हो रहा था निर्माण
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बंठिया ने बताया कि सोमवार शाम करीब 6.30 बजे पुलिस को बुराड़ी के कौशिक एन्क्लेव में एक चार मंजिला निर्माणाधीन इमारत के गिरने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को स्थानीय लोगों ने बताया कि दो सौ गज में इमारत का निर्माण कार्य हो रहा था। घटना के समय करीब दस से 15 मजदूर काम कर रहे थे। जबकि इनके परिवार वाले भी मौजूद थे।
राहत कार्य में जुटे लोग
- फोटो : अमर उजाला
दमकल, डीडीएमए और एनडीआरएफ की टीम लगी राहत में
पुलिस ने तुरंत दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन, नगर निगम समेत अन्य बचाव दल को घटना की जानकारी दी। हालांकि स्थानीय लोगों ने चार लोगों को तुरंत बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचा चुके थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान अभी जारी है। पुलिस, दमकल, डीडीएमए और एनडीआरएफ की टीम राहत बचाव में लगी हुई है। अब तक 10 लोगों को बचाकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। जबकि मलबे में फंसे लोगों को निकालने का काम जारी है।
जेसीबी से हटाया जा रहा मलबा
- फोटो : अमर उजाला
ठेकेदार और मकान मालिक की तलाश में पुलिस
स्थानीय निवासी राम निवास ने बताया कि इमारत के खाली प्लॉट में मजदूरों ने रहने के लिए चार झुग्गी बना रखी थी। इमारत का मलबा झुग्गी पर भी गिरा है। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि यहां कितने लोग मौजूद थे। पुलिस यहां काम करवा रहे ठेकेदार और मकान मालिक की तलाश कर रही है। ताकि यहां फंसे मजदूरों की संख्या के बारे में जानकारी मिल सके। वहीं दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि दमकल की नौ गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और दमकल कर्मी राहत बचाव का कार्य कर रहे हैं। दमकल कर्मी मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं। अधिकारी के मुताबिक हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।