करोलबाग के देव नगर में शनिवार देर शाम एक जर्जर मकान का एक हिस्सा भरभराकर गिर गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची दमकल विभाग ने इमारत की पहली मंजिल पर मौजूद चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि मलबे के नीचे लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई थी लेकिन मलबा हटाने के बाद वहां कोई नहीं मिला।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रात करीब आठ बजे इमारत का एक हिस्सा गिरा था। तुरंत ही राहत कार्य शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंच गई थीं। दमकल कर्मियों ने सीढ़ी लगाकर पहली मंजिल में फंसे चार लोगों को बाहर निकाल लिया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बताया जा रहा है कि हादसे से पहले मकान में काफी जगह पर दरारें आ गई थी।