मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बयान
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ, डीडीएमए, दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस, एमसीडी और सिविल डिफेंस की टीमें पूरे समन्वय के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं और लोगों को सुरक्षित निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मलबे से आ रही आवाजें
स्थानीय बीजेपी विधायक अनिल शर्मा ने मौके का जायजा लेते हुए इसे हृदयविदारक बताया। उन्होंने चिंताजनक जानकारी दी कि कुछ छात्र मलबे के अंदर से फोन भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सटीक संख्या बताना मुश्किल है, लेकिन छात्र अंदर फंसे हुए हैं। सरकार पूरी तरह से गंभीर है और हमारी प्राथमिकता उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना है।
10-15 छात्रों का रेस्क्यू
डूसू अध्यक्ष आर्यन मान ने बताया कि मौके पर 15-20 छात्र मौजूद थे, जिनमें से 10 से 15 छात्रों को रेस्क्यू कर तुरंत अस्पताल भेज दिया गया है। अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
हादसे पर गरमाई राजनीति
इस त्रासदी के बाद दिल्ली की राजनीति भी पूरी तरह से गरमा गई है। विपक्ष ने एमसीडी और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आप नेता आतिशी ने इस घटना को बेहद विचलित करने वाला बताते हुए सरकार से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
एमसीडी पर करोड़ों के भ्रष्टाचार का आरोप
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने एमसीडी के बिल्डिंग विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वहां एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के तबादले का रेट 1.25 करोड़ रुपये है। उन्होंने दावा किया कि ऐसे भ्रष्टाचार के रहते हादसों का रुकना नामुमकिन है। साथ ही आशंका जताई कि अब ऑडिट के नाम पर व्यापारियों, जिम और अस्पतालों से करोड़ों की वसूली की जाएगी।
चुनाव से बड़ा है यह मुद्दा
कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि दिल्ली में लगातार इमारतों का गिरना चुनाव से कहीं अधिक महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस तरह से बच्चे यहां अपनी जान गंवा रहे हैं, वह सिस्टम की बड़ी नाकामी है। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवारों को तुरंत सहायता देने की मांग की।
फिलहाल, घटनास्थल पर जेसीबी मशीनें और रेस्क्यू टीमें लगातार काम कर रही हैं। प्रशासन का पूरा ध्यान मलबे में फंसे बाकी लोगों को जल्द से जल्द और सुरक्षित बाहर निकालने पर केंद्रित है।