केंद्र सरकार के अंतरिम बजट से युवाओं में उत्साह का माहौल है। अब उन्हें यह उम्मीद है कि वह स्टार्टअप के सपने को हकीकत में बदल सकेंगे। ब्याज मुक्त ऋण के लिए एक कोष स्थापित होने से वह स्टार्टअप के लिए बैंकों से आसानी से ऋण ले सकेंगे। युवा अनुसंधान और नई पहल को बढ़ावा देने के साथ प्रोत्साहित होंगे।
युवाओं ने कहा कि देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाना है, तो इस तरह की योजनाएं मददगार साबित होंगी। बजट से ब्याज मुक्त ऋण की उम्मीद थी, जो मिल गई। इससे तकनीक क्षेत्र से जुड़े युवाओं को अहम मदद मिलेगी। वे पढ़ाई व शोध आसानी से कर सकते हैं। ग्रेटर कैलाश निवासी बीटेक तृतीय वर्ष की छात्रा मेघा राणा ने बताया कि यह स्टार्टअप करने के लिए बेहतरीन अवसर है। इससे तकनीक क्षेत्र में शोध करने में मदद मिलेगी। युवा अपने कौशल के दम से देश को वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित कर सकते हैं।
स्किल इंडिया मिशन बना रहा युवाओं को सशक्त
दिल्ली के अलग-अलग विश्वविद्यालयों में पढ़ रहे छात्रों ने कहा कि स्किल इंडिया मिशन युवाओं को प्रशिक्षित कर रहा है। बाजार की मांग को देखते हुए युवा कौशल को बढ़ा रहे हैं। डीयू में बीएससी के तृतीय वर्ष के छात्र रोहित गुसाईं ने बताया कि तकनीकी प्रेमियों के लिए यह अच्छा अवसर है। इससे युवाओं को पर्याप्त रूप से साधन संपन्न करने के संसाधन मिलेंगे। कॉलेजों में कौशल विकास पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है।
पाठ्यक्रम की पुस्तकों के अलावा कौशल की चीजें सीखने को मिल रही हैं। बजट में यातायात को सुगम बनाने के लिए प्रस्ताव दिया है। जामिया में पढ़ने वाले फैसल खान ने कहा कि पढ़ाई के लिए रोजाना रेवाड़ी से आता हूं। इससे स्टार्टअप में अधिक समय नहीं दे पाता हूं। अगर यातायात का विस्तार होता है, तो कम समय में कॉलेज की पढ़ाई के साथ स्टार्टअप को पर्याप्त समय दूंगा।