पार्टी सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का जन्मदिन मनाने के लिए बसपा कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। नवयुग मार्केट में आयोजित कार्यक्रम में करीब 20 हजार कार्यकर्ता एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने 60 किलो का केट काटा। बसपाइयों की भीड़ से शहर में कई घंटे तक जाम लगा रहा।
नवयुग मार्केट में आयोजित जन्मदिन कार्यक्रम में करीब 20 हजार कार्यकर्ता पहुंचे। पुलिस और बसपा कार्यकर्ताओं के प्रयासों के बावजूद पुराने बस अड्डे, हापुड़ रोड, नवयुग मार्केट, मेरठ रोड, हापुड़ तिराहा, जीटी रोड, चौधरी मोड़ और मालीवाड़ा पर घंटों तक लोगों को जाम का सामना पड़ा।
सुबह 10 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में वक्ताओं के निशाने पर बीजेपी और सपा रही। बसपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया गया कि हर हाल में 2017 के चुनावों में मायावती को मुख्यमंत्री बनाना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जोनल कोआर्डिनेटर लालजी चौधरी रहे। विधायक सुरेश बंसल, अमरपाल शर्मा, जाकिर अली और वहाब चौधरी विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रेमचंद भारती ने और संचालन अमनदीप जाटव ने किया।
मंडल कोआर्डिनेटर वीरेंद्र जाटव, विधायक सुरेश बंसल, मुरादनगर विधानसभा प्रभारी सतपाल चौधरी, पूर्व मंत्री अजितपाल समेत मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने सभा को संबोधित किया।
अतिथियों का स्वागत संगठन उपाध्यक्ष रियासुद्दीन सलमानी और अनुज मित्तल ने किया। मास्टर मनोज, पूर्व चेयरमैन फूल कुंवर, विनोद त्यागी, बाबू सिंह आर्य, आदिल मलिक, बाबूलाल सैन, चंद्रपाल जाटव आदि मौजूद रहे। सभा स्थल पर सतपाल सिंह के समर्थन में समर्थकों ने जमकर नारेबाजी भी की।
बता दें कि मायावती के जन्मदिन कार्यक्रम को बसपा ने विधानसभा चुनावों की तैयारी के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इसके लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से पांच-पांच हजार कार्यकर्ताओं को लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
जोनल कोआर्डिनेटर लालजी चौधरी को इसका पर्यवेक्षक बनाया गया है। भीड़ का आकलन करने के लिए विधानसभा के हिसाब से पंडाल बनाए गए थे।