सेक्टर-41 में पीजी में रहने वाली बीएससी की छात्रा ने शनिवार शाम पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। कोतवाली सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने किसी तरह की शिकायत नहीं दी है।
परिजनों व वसुंधरा में रहने वाली बहन को जानकारी दी गई है। बताया जा रहा है कि वह परिजनों से कम ही बात करती थी। पुलिस के मुताबिक, आराधना (28) मूलरूप से चंदौली की रहने वाली थी।
पीजी में वह दो लड़कियाें बागपत निवासी मेघा और बंगलूरू निवासी तानसी के साथ रह रही थी। मेघा व तानसी नोएडा में काम करती हैं। आराधना वाराणसी से बीएससी कर रही थी और तीन साल से फेल हो रही थी।
परीक्षा की तैयारी के सिलसिले में 28 अक्तूबर को नोएडा आई थी। शनिवार को मेघा व तानसी ऑफिस चली गई थीं। तानसी रात आठ बजे पीजी पहुंची तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी नहीं खुला। इसके बाद केयर टेकर को जानकारी देकर दरवाजा तोड़ा गया तो आराधना कमरे में पंखे से लटकी हुई थी।