गाजियाबाद के विजयनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की आठ बाइक बरामद की हैं। पकडे़ गए एक युवक ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन के दिल में छेद है। उसी का इलाज कराने के लिए वह चोरी करने लगा।
पकड़े गए युवक कमल साहिबाबाद के पसौंडा और विपिन अमरोहा के गजरौला थानाक्षेत्र का रहने वाला है। दोनों 12वीं तक पढ़े हुए हैं। एसपी सिटी आकाश तोमर ने बताया कि पुलिस ने शनिवार रात को विजयनगर की अंतरिक्ष सोसायटी के पास दो युवकों को चेकिंग के दौरान रोका।
पूछताछ में पता चला कि जिस बाइक पर दोनों युवक सवार थे, वह चोरी की है। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। उनसे सख्ती से पूछताछ की गई तो पता चला कि वह मॉल्स और अलग-अलग मार्केट के बाहर से करीब 20 बाइक चुरा चुके हैं। उनकी निशानदेही पर विजयनगर के ही एक मकान से चोरी की सात और बाइक बरामद की गईं।