ग्रेटर नोएडा के धूम मानिकपुर गांव में हुई पोपन भाटी की हत्या के मामले में दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि 14 साल पहले हुई हत्या का बदला चुकाने के लिए पोपन को कत्ल किया गया।
पुलिस अभी अभियुक्तों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। सोमवार रात पोपन भाटी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के वक्त पोपन एक दुकान के सामने बैठा था।
पुलिस ने बताया कि प्रॉपर्टी विवाद को लेकर 14 साल पहले सुजीत की हत्या की गई थी। इसका इल्जाम पोपन पर था। सुजीत के भाई मनजीत ने बदला लेने के लिए अपने साथी कादर के साथ मिलकर पोपन की हत्या की।
पुलिस ने मनजीत और कादर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश भी दी गई।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। गांव में ही मंगलवार को दाह संस्कार किया गया। ऐहतियात के तौर पर गांव में पीएसी और पुलिस बल को तैनात किया गया है।