एकतरफा प्यार में पागल बहन के देवर द्वारा ट्रेनी नर्स का गला रेतने के बाद अब जीजा नर्स को ब्लैकमेल कर रहा है। बृहस्पतिवार को कविनगर थाने पहुंची नर्स ने पुलिस से जीजा के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई। पीड़िता का कहना है कि जीजा ने अपने भाई के साथ फोटो एडिट कर दिए हैं और उन्हें गांव के लोगों को दिखाकर ब्लैकमेल कर रहा है।
आरोप है कि मामले में समझौता न करने पर वह उन फोटो को वायरल करने की धमकी दे रहा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का कहना है कि उस पर जानलेवा हमला करने के बाद से बहन का देवर जेल में बंद है। तभी से जीजा भी केस में समझौता करने का दबाव बना रहा है।
उसका कहना है कि वह मौत के मुंह से लौटकर आई है, लिहाजा वह किसी भी सूरत में समझौता नहीं करेगी। आरोप है कि तभी से उसके जीजा ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वह कहता है कि उसने उसके फोटो भाई के साथ एडिट कर लिए हैं। अगर समझौता नहीं किया तो फोटो वायरल कर दिए जाएंगे। पीड़िता कहना है कि धमकी मिलने के बाद से वह तनाव में चल रही है।
गांव में जाकर प्रधान व अन्य लोगों को फोटो दिखाए
पीड़िता के मुताबिक उसके जीजा ने उसकेगांव जाकर ग्राम प्रधान व पड़ोसियों को एडिट फोटो दिखाए। जीजा कहता है कि फोटो कैसे हैं, यह ग्राम प्रधान व पड़ोसियों से पूछ लेना। अगर समझौता नहीं किया तो यही फोटो हर मोबाइल की स्क्रीन पर होंगे।